अमर उजाला ब्यूरो
बलद्वाड़ा (मंडी)। शिमला से समैला वाया त्रिफालघाट, डैहर रूट पर चलने वाली बिलासपुर डिपो की बस को लोगों ने सरकार से दोबारा चलाने की मांग की है। इस बस सुविधा के बंद होने से क्षेत्र के समैला, तल्याणा, नवाणी, चनोल सहित अन्य पंचायत के हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने शिमला से सरकाघाट रात्रि बस सेवा को इसी रूट पर चलाने की मांग की है। लोगों ने सरकाघाट से चंडीगढ़ बस जो दिन में समैला तल्याणा, हरलोग से होकर जाती है, उसकी वापसी की मांग इसी रूट से की है। क्योंकि चंडीगढ़ की ओर से इन पंचायतों को रात्रि की कोई सुविधा नहीं है। इसके चलते लोगों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए अधिक किराया देकर टैक्सी करनी पड़ती है। ग्राम पंचायत समैला के प्रधान अश्वनी कुमार, कोट के प्रधान बनारसी दास, तल्याणा के प्रधान बलीराम ने सरकार से शीघ्र लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए बस चलाने की मांग की है। भाजपा मंडलाध्यक्ष सरकाघाट रूपलाल रत्तन ने आश्वासन दिया है कि इसके बारे में सीएम से मांग की जाएगी, जिससे लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।