मंडी। उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने बुधवार को जिला स्तरीय अंतर विभागीय निगरानी मॉनिटरिंग समिति की बैठक में भवनरहित आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण का कार्य 15 दिनों में आरंभ करने के निर्देश दिए हैं। जबकि, निर्माणाधीन भवनों के कार्य में तीव्रता लाने के लिए कहा है। उन्होंने जिले में ऐसे असुरक्षित आंगनबाड़ी भवनों पर चिंता जताई जहां नौनिहालों को बैठाया जा रहा है। असुरक्षित भवनों में बच्चों को न बिठाने तथा गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण दो माह में सुनिश्चित करने के विभाग को सख्त आदेश दिए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में 0.5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोषाहार प्रदान किया जा रहा है । उन्होंने बताया कि जिला में पायलट परियोजना के तहत बच्चों को यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। एकीकृत बाल विकास परियोजना के तहत जिले में 35,822 बच्चों तथा 14,439 धात्री महिलाओं को पूरक पोषाहार प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उम्र के हिसाब से कम वजन वाले बच्चों पर विशेष ध्यान दें ताकि सभी बच्चे पूर्ण रूप से स्वस्थ रह सकें। उन्होंने बैठक में प्रारंभिक उप निदेशक केडी शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी गिरीश समरा, परियोजना अधिकारी डीआरडीए प्रदीप कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल सेवाएं अंजू बाला मौजूद रहीं।