जोगिंद्रनगर/मंडी। जोगिंद्रनगर अस्पताल में सामान्य उपचार के लिए आए 17 लोगों में से 14 रैपिड टेस्ट में कोरोना संक्रमित निकलने से अस्पताल में हड़कंप मच गया। वहीं अपने बच्चे के साथ इलाज के लिए अस्पताल आ रहा एक शिक्षक अचानक बाजार में बेहोश होकर गिर गया। जब उसका अस्पताल में टेस्ट लिया गया तो वह भी संक्रमित निकला। रविवार सुबह से लेकर देर रात तक तेज बुखार ओर सर्दी जुकाम से पीड़ित इन अधिकांश मरीज सांस की दिक्कत के चलते अचानक अस्पताल आ पहुंचे थे। जो उपचार के दौरान संक्रमित निकले। इससे अस्पताल में अफरातफरी फैल गई। अस्पताल में दाखिल मरीजों में भी हड़कंप मच गया और कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए पूरे अस्पताल को सैनिटाइज करवाना पड़ा। अस्पताल में संक्रमण को देखते हुए उपचाराधीन तीन साल के बच्चे को छुट्टी दे दी गई। एक अन्य मामले में दिल्ली से जोगिंद्रनगर लौटे लड़भडोल क्षेत्र के कंसाल निवासी को अस्पताल उपचार के लिए लाया गया था वह भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोशन लाल कौंडल ने बताया कि रविवार को आकाश के दिन अस्पताल में उपचार के दौरान काफी संख्या में कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सभी संक्रमितों को आवश्यक दवा और उपचार दिलाया जा रहा है। एक साथ 14 मामले एक साथ रैट टेस्ट में पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया है। बता दें कि मंडी जिला के उपमंडल जोगिंद्रनगर में कोरोना की दूसरी लहर अस्पताल के चिकित्सा स्टाफ के लिए लगातार खतरा बनी हुई। अस्पताल की एक महिला चिकित्सक के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद रविवार को अस्पताल में तैनात सारा स्टाफ कोरोना की चपेट में आता हुआ दिख रहा है। यहां अवकाश वाले दिन भी आपात सेवाओं में उपचार के लिए पहुंचे 17 मरीजों में 14 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
मंडी। कोरोना संक्रमण के रविवार को मंडी जिले में 146 मामले आए हैं। नेरचौक मेडिकल कॉलेज में आठ संक्रमितों ने दम तोड़ा है। मरने वालों में मंडी जिला के 4, हमीरपुर के तीन और एक बिलासपुर जिला से है। जिला के करसोग, संधोल, रत्ति और टारना मंडी के चार लोगों की मौत के बाद उनका अंतिम संस्कार भी डडौर में हुआ। हमीरपुर के फारनाल की 58 वर्षीय महिला, बड़ोई के 80 वर्षीय व्यक्ति, जाहू हौर की 62 वर्षीय महिला व बिलासपुर के बरमाना निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति ने भी नेरचौक में दम तोड़ा। मंडी जिला के नए संक्रमितों में टारना, लोअर खलियार, गुटकर सहित कुल 18 मामले और जोगिंद्रनगर में 17, बल्ह के नेरचौक मेडिकल कॉलेज सहित बाल्ट, काका फर्नीचर नेरचौक सहित कुल 10 मामले, सुंदरनगर में पुलिस स्टेशन सुंदरनगर, पुराना बाजार, सरोनी जरोल, सिविल अस्पताल सुंदरनगर सहित सात मामले कोरोना संक्रमण के पाए गए हैं। इसी तरह पंडोह, चच्योट, पद्धर, गोहर व सेरी वार्ड में भी मामले सामने आए हैं जबकि बिलासपुर और कुल्लू के ढालपुर के दो लोगों के टेस्ट भी पॉजिटिव पाए गए हैं। सीएमओ मंडी डॉ. देवेंद्र शर्मा ने कहा कि संक्रमित पाए गए मरीजों को आइसोलेट किया जा रहा है।