पधर (मंडी)। दुर्गम क्षेत्र चौहारघाटी की ग्राम पंचायत सिलह बुधानी के गांव चंद्राबग्गी में बिजली गिरने से पांच मवेशियों की मौत हो गई है, जबकि मवेशियों का मालिक भी घायल हो गया है। अचानक खराब हुए मौसम के कारण बिजली की चपेट में आने से गोशाला के साथ ही खेतों में चर रहे पांच मवेशी मौत के ग्रास बन गए। वहीं, किसान कालू राम भी घटना में घायल हो गया है।
पंचायत प्रधान प्रेम सिंह ने कहा कि जोत में पशु औषधालय का अभाव है। विभाग को सूचना देरी से दी गई, इसके चलते टीम देरी से घटना स्थल पर पहुंची। पंचायत प्रधान प्रेम सिंह, भादर सिंह मुगलाना ने एसडीएम पधर से प्रभावित गरीब परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है। एसडीएम पधर आशीष शर्मा ने प्रभावित कालू राम को हल्का ग्रामीण राजस्व अधिकारी वीरेंद्र कुमार के माध्यम से पांच हजार की फौरी राहत रविवार को जारी कर दी है। वेटरनरी डॉक्टरों ने मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कर लिया है।