सरकाघाट (मंडी)। रोपड़ी पंचायत निवासी सुशांत ठाकुर के साथ सरकाघाट में विवाह रचाने के बाद रशियन दूल्हन पति के साथ हनीमून के लिए काठमांडू रवाना हो गई है। सोमवार को दोनों परिवारों की सहमति के बाद सुशांत और रशियन युवती स्वेटलाना अर्नीकोवा वैवाहिक बंधन में बंधे। यह शादी क्षेत्र में चर्चा में रही। अब नवविवाहित जोड़े ने नेपाल के काठमांडू में अपना हनीमून मनाने का निर्णय लिया है। इनकी सोशल मीडिया पर पहचान हुई और दोनों ने शादी करने का फैसला लिया।
पंचायत प्रधान सविता चंदेल ने बताया कि शादी की रस्मों को रशियन दुल्हन ने बड़ी उत्सुकता और चाव से निभाया है। सात समंदर पार की इस युवती को हिमाचल की संस्कृति और रीति-रिवाज खूब भा गए। उसने अपने देश की बजाय यहां आकर न केवल हिंदू संस्कृति के अनुसार सात फेरे लिए बल्कि कन्यादान के लिए भी अपने होने वाले ससुर के मित्र को मना लिया और उनके हाथों से कन्यादान करवाकर अपने ससुराल चली गई। सोमवार को सरकाघाट के रोपड़ी में इस विदेशी युवती ने स्थानीय युवक के साथ सात फेरे लिए। समाजसेवक रमेश कुमार का कहना है कि उनके मित्र विनोद कुमार ने बताया कि उनका बेटा सुशांत ठाकुर एक रशियन युवती स्वेटलाना अर्नीकोवा से प्यार करता है और दोनों शादी रचाना चाहते हैं, लेकिन लड़की के माता-पिता बीमार हैं और वे यहां नहीं आ सकते। रमेश कुमार ने दोस्त की मदद की और कन्यादान किया। यहां आकर हिंदू रीति रिवाज से उनका विवाह हुआ।