सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग जोर पकड़ने लगी है। विस चुनावों के नजदीक आते ही यह मुद्दा हर दल के नेता और कार्यकर्ता की जुबां पर रटा-रटाया है। पिछले चार विस चुनावों में भी यह मांग मुद्दा बन चुकी है। सरकाघाट उपमंडल में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की एक दर्जन पंचायतों के साथ-साथ सरकाघाट और भोरंज विधानसभाओं से करीब तीन लाख निवासियों में से पचास हजार के करीब पूर्व एवं कार्यरत केंद्रीय कर्मचारियों की संख्या है। लेकिन, यहां पर इन कर्मचारियों के बच्चों के लिए कोई भी आदर्श विद्यालय नहीं है। तीन विधानसभा क्षेत्रों की करीब पांच लाख की आबादी की यही मांग कई सालों से चली आ रही है। क्षेत्र निवासी कृष्ण चंद, राम लाल, नरेश कुमार, व्यापार मंडल के अध्यक्ष ओमप्रकाश ठाकुर, लीलाधर, राधा, कमलेश कुमारी, शांति देवी, लीला देवी, सूबेदार मोहन लाल, कैप्टन रघुवीर सिंह, बालम राम, ध्यानचंद, पूर्व केंद्रीय सरकार के अधिकारी भीष्म सिंह, धनी राम, सुभाष ठाकुर और जोगिंद्र सिंह ने कहा कि जिस भी दल का उम्मीदवार उनको केंद्रीय विद्यालय खोलने का पक्का वायदा करेगा, उसी को अपना समर्थन देंगे।
करेंगे प्रयास : पवन
सरकाघाट विस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी पवन ठाकुर ने कहा कि यदि उनको क्षेत्र की जनता अपना आशीर्वाद देती है तो वह केंद्रीय विद्यालय खुलवाने का पूरा प्रयास करेंगे।
विद्यालय खुलवाने के लिए प्रयास जारी : इंद्र सिंह
भाजपा प्रत्याशी कर्नल इंद्र सिंह ने कहा कि वह सरकाघाट में केंद्रीय विद्यालय खुलवाने के लिए प्रयासरत हैं। इस बारे में केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री को पत्र लिख कर उनसे निजी तौर पर मिल भी चुके हैं।