अमर उजाला ब्यूरो
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर उपमंडल की पीपली पंचायत में वीरवार दोपहर बाद आग लगने से रिहायशी मकान के जलकर कर राख हो गया। आग से प्रभावित परिवार का लगभग छह लाख रुपये का नुकसान हो गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और प्रभावितों को फौरी सहायता प्रदान की। उधर, आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिपली पंचायत के बड्डू गांव में दोपहर को रिहायशी मकान में आग लग गई। ग्रामीणों के अनुसार बड्डू गांव के लाभ सिंह के दो मंजिला रिहायशी मकान की ऊपरी मंजिल में अचानक आग लगने से मकान के दो कमरे जल गए। जिससे कमरों में रखे गए ट्रंक, बर्तन, कपड़े और अनाज आग की भेंट चढ़ गए। स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की सहयोग से अन्य संपत्ति को जलने से बचा लिया गया। एसडीएम दीप्ति मंढोत्रा ने घटनास्थल का दौरा करके पीड़ित परिवार को 15 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की। समाजसेवी और पूर्व प्रधान इंद्र सिंह ने पीड़ित परिवार को अपनी और से 5 हजार रुपये की सहायता राशि दी।