मंडी। फोरेस्ट गार्ड होशियार सिंह की मौत मामले में अब पुलिस जांच के बाद सीआईडी जांच पर भी सवाल उठना शुरू हो गए। इस मामले में अब वन कर्मचारी सरकार से सीधे आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ मंडी वृत्त ने मंगलवार को रेंज लेवल पर बैठक कर मामले की जांच सीबीआई के सपुर्द करने की मांग उठाई है। मंगलवार को वन वृत्त मंडी के हर वृत्त पर बैठक का आयोजन किया गया। इस सिलसिले में वन विश्राम गृह लौग हट (पुरानी) मंडी में बैठक का आयोजन प्रधान प्रदीप ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को वन वृत्त मंडी की विभिन्न 25 वन परिक्षेत्रों में वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की पदाधिकारियों ने बैठक कर मामले की सीबीआई जांच की मां उठाई है। उन्होंने कहा कि वन परिक्षेत्र जोगिंद्रनगर, टिक्कन, उरला, लडभड़ोल, कमलाह, धर्मपुर, द्रंग, मंडी, कटौला, कोटली, पनारसा, सुकेत, कांगू, जैदेवी, सरकाघाट, बलद्वाड़ा,झुंग्गी, पंडोह, सिराज, थाची, नाचन, करसोग, पांगणा, सेरी, मगरू सहित अन्य परिक्षेत्रों में सैकड़ों कर्मचारियों ने बैठक में भाग लेकर मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई है। वन रक्षक होशियार सिंह की मौत को दो माह से अधिक का समय हो गया है। लेकिन, प्रदेश पुलिस व सीआईडी की टीम इस मामले की तह तक नहीं पहुंच सकी है। जिससे वन विभाग के फील्ड कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि अभी रेंज लेवल पर शाति प्रिय बैठके ही आयोजित की गई। यदि जल्द ही महासंघ की मांग न मानी गई तो सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।