मंडी। शहर में सेरी मंच पर बस ठहराव पर जिला प्रशासन ने प्रतिबंध लगा दिया है। बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अब नई व्यवस्था के तहत रिवालसर, धर्मपुर, सरकाघाट, कोटली, साईगलू, बरयारा की तरफ आने जाने वाली बसेें स्कूल बाजार में चौड़े किए गए मार्ग पर ही खड़ी होंगी। इस संबंध में एक प्रारूप अधिसूचना जारी करते हुए पंद्रह दिन में आम जनता से आपत्तियां दर्ज करवाने को कहा है। आपत्तियां न मिलने पर अंतिम अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। डीसी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि मोटर व्हीकल अधिनियम, 1988 की धारा 115 तथा 117 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए एक प्रारूप अधिसूचना जारी की है। इसके तहत मंडी नगर के सेरी बाजार में बस ठहराव पर प्रतिबंध लगाकर स्कूल बाजार में बस ठहराव चिह्नित किया गया है। अधिसूचना पर कोई आपत्ति हो तो वे 15 दिनों के भीतर जिला दंडाधिकारी के कार्यालय में लिखित रूप में दर्ज करवा सकते हैं।
....
जनमंच पूर्व जागरूकता शिविर
मंडी। ग्राम पंचायत कमलाह में शनिवार को पूर्व जनमंच के तहत विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। उपमंडलाधिकारी धर्मपुर प्रदीप कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत सिद्धपुर में 23 दिसंबर को आयोजित होने वाले जनमंच से पूर्व यह आयोजन हो रहे हैं। इस अवसर पर बागवानी विभाग द्वारा 25 लोगों को उद्यान कार्ड वितरित किए गए तथा अन्य विभागों द्वारा लोगों को अपने-अपने विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।