पधर (मंडी)। द्रंग क्षेत्र के आराध्य देव पाईंदल ऋषि डोलरा 16 दिसंबर को तीन वर्ष के बाद इलाके के हार दौरे पर निकलेंगे। देवता का हार कार्यक्रम दो महीने तक चलेगा। देव कमेटी के प्रधान जगदीश कुमार ने बताया कि देवता पाईंदल ऋषि की तरफ से अपनी प्रसन्नता को व्यक्त करने के लिए रविवार को मंदिर में मासिक हवन-पाठ भी किया जाएगा। देवता कमेटी के सदस्यों को देवता की तरफ से खान पान की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके उपरांत देवता अपने कारकूनों के साथ इलाका दुंधा की समस्त पंचायतों की हार दौरे पर निकल जाएंगे। इस दौरान देव पाईंदल ऋषि हर घर-घर में जाकर लोगों को रक्षा का वरदान देंगे। देवता के हार कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कारदारों की ड्यूटियां लगा दी गई हैं। प्रधान ने सभी कमेटी सदस्यों से आग्रह किया है कि सभी लोग सुबह मंदिर पहुंच कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाकर कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न करवाएं। इलाके के सभी पंचायत प्रधानों से आग्रह किया है कि वे अपनी उपस्थिति समारोह में दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि हाल ही में देवता द्वारा पधर में पैदल पुल का उद्घाटन कर लोगों को समर्पित किया गया था। उन्होंने बताया कि इस उद्घाटन समारोह में देव बूढ़ा पिंगल और माता जालपा सहित क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने समारोह में बढ़ चढ़कर भाग लिया था।