बालीचौकी (मंडी)। औट-लुहरी राष्ट्रीय राजमार्ग सोमवार को पहाड़ी दरक जाने और सड़क पर भारी चट्टानें, मलबा आने के चलते बालीचौकी के निकट शिली बिहाली में छह घंटों तक बंद रहा। इस दौरान सड़क पर दोनों तरफ जाम लग गया और सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। लोगों को इस दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्कूली बच्चों को अपने घरों में पहुंचने के लिए दुर्गम पहाड़ी को लांघकर और जान जोखिम में डालकर जाना पड़ा। जानकारी के अनुसार अचानक पहाड़ी धंसने के कारण मार्ग करीब एक बजे बंद हो गया। शाम 7 बजे तक मार्ग बंद रहा। इसमें लोनिवि की बड़ी लापरवाही भी सामने आई क्योंकि एक बजे से बंद मार्ग की विभाग ने 3 बजे तक भी सुध नहीं ली। लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इससे पहले यह मार्ग सुबह 9 बजे के करीब आधे घंटे के लिए भी बंद हो गया था और उस समय विभाग ने इसे बहाल कर दिया था। यहां पहाड़ गिरने की कगार पर है और यह कभी भी गिर सकता है। पहाड़ी पर बिजली के खंभे भी हैं जो पहाड़ी के साथ गिर सकते हैं। इसके चलते बिजली बोर्ड ने इन्हें हटाने की कवायद शुरू कर दी है। क्षेत्र में बिजली भी लंबे समय तक बंद रही।
..
एक जेसीबी होने से हुई देरी : एक्सईएन
अधिशासी अभियंता संजय सोनी ने कहा कि सूचना मिलने के बाद बंजार के राष्ट्रीय राजमार्ग के सहायक अभियंता अरविंद भारद्वाज को इसकी सूचना दी। एक ही जेसीबी मशीन होने के कारण एक निजी जेसीबी का भी इंतजाम किया और मार्ग को बहाल करवाया। कनिष्ठ अभियंता मान सिंह, बिजली बोर्ड बालीचौकी ने कहा कि पहाड़ी धंसने से बिजली के खंभे गिर सकते हैं। इसलिए बिजली को थलौट से बंद कर दिया है।
000