धर्मपुर (मंडी)। आईपीएच विभाग हमीरपुर के अधीक्षण अभियंता ने आरटीआई का जवाब न देने पर आईपीएच मंडल धर्मपुर स्थित भराड़ी में तैनात अधिशासी अभियंता से जवाब तलब किया है। अभियंता को 27 जून तक जवाब एसई को सौंपना होगा। शिकायतकर्ता ने एसई को सौंपी अपील में अधिशासी अभियंता पर आरटीआई का जवाब न देने के आरोप लगाए हैं। अभियंता का दावा है कि आरटीआई में लिखित सूचना देने का जिक्र नहीं था। इस पर यह सूचना नहीं दी गई है। 27 जून को इस बाबत एसई कार्यालय हमीरपुर को जवाब सौंपा जाएगा। जानकारी के अनुसार जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह ने आईपीएच मंडल धर्मपुर स्थित भराड़ी से मंडल के तहत आने वाली पेयजल और सिंचाई स्कीमों तथा कर्मचारियों की संख्या व खाली पदों की जानकारी आरटीआई के तहत अप्रैल में मांगी थी। मंडल कार्यालय की ओर से सूचना नहीं दी गई और कहा था कि अभी तक यह सूचना उनके पास नहीं है। इसके बाद उन्होंने विभाग के अधीक्षण अभियंता हमीरपुर के पास अपील की है। अपील में उन्होंने मंडल कार्यालय में तैनात अधिशासी अभियंता पर जानकारी न देने के आरोप लगाए। भूपेंद्र का कहना है कि जिप की गत 18 जून को त्रैमासिक बैठक में यह जानकारी मांगी थी। इस दौरान अधिकारी सूचना नहीं दे सके थे।
...
लिखित में नहीं मांगी जानकारी : अभियंता
आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता मुकेश हीरा ने कहा कि शिकायत पर उचित कार्रवाई की गई है। शिकायतकर्ता ने लिखित में जानकारी नहीं मांगी थी। शिकायतकर्ता ने हमीरपुर कार्यालय में अपील की है जिसका 27 जून को जवाब दिया जाएगा।