मंडी। मनाली-चंडीगढ़ एनएच पर पुलघराट के समीप कार हादसे में एक सैनिक की मौत हो गई है। जबकि कार सवार सैनिक के बड़े भाई समेत चार अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। कार अनियंत्रित होकर सुकेती खड्ड में जा गिरी। बताया जा रहा है कि सैनिक डेढ़ माह की छुट्टी काटने के बाद ड्यूटी पर असाम लौट रहा था। लेकिन, बुधवार देर शाम मंडी बस स्टैंड से उसकी बस छूट गई। वह अपने भाई और रिश्तदारों के संग कार में बस पकड़ने के लिए मंडी से बिलासपुर की ओर रवाना हुआ। लेकिन, पुलघराट के पास हादसा हो गया। घायलावस्था में सैनिक को प्राथमिक उपचार के लिए चंडीगढ़ रेफर किया गया। लेकिन, उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक सैनिक की पहचान कोटली क्षेत्र के भटियात गांव निवासी उधम सिंह (25) पुत्र स्व हरी सिंह और चार घायलों की पहचान लेखराज, केशव, ओम चंद और टेक चंद के रूप में की है। जिन्हें मंडी अस्पताल में दाखिल कर लिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
महज दो किमी की दूरी पर ही हो गया हादसे का शिकार
सैनिक जेएंडके राइफल्स असम में तैनात था। बुधवार को वह डेढ़ माह की छुट्टी काट कर असम लौट रहा था। लेकिन, मंडी से उसकी बस निकल गई। उधम की वीरवार सुबह दिल्ली से फ्लाइट थी। जिसके चलते उसने बस को पकड़ने की कोशिश की और अपने भाई संग कार में मंडी से बिलासपुर की ओर रवाना हो गया ताकि रास्ते में बस पकड़ सके। लेकिन, मंडी से महज दो किमी की दूरी पर ही वह हादसे का शिकार हो गया।
पत्नी की आंखों के सामने तोड़ा दम
एंबुलेंस में ही युवक ने दम तोड़ दिया। इस दौरान उसकी पत्नी भी उसके साथ थी। पति की मौत होते ही पत्नी भी बेहोश हो गई। मामले में पुलिस ने मंडी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। सदर थाना में तैनात एसआई मोहर सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। सदर थाना एसएचओ सुनील कुमार ने हादसे की पुष्टि की है।