मंडी। डाकघरों में बिजली के सस्ते उत्पाद मिलेंगे। जिले में कई डाकघरों में इन सस्ते उत्पादों की बिक्री शुरू भी हो गई है। बाजार से कम कीमत पर मिलने वाले इन उत्पादों के इस्तेमाल से बिजली भी बचेगी। केंद्र सरकार की ऊर्जा संरक्षण योजना के तहत इन उत्पादों को डाकघरों में बेचा जा रहा है। हालांकि, प्रारंभिक चरण में जिले के चुनिंदा डाकघरों में इनकी बिक्री की जा रही है।
केंद्र सरकार ने देशभर में डाक विभाग के माध्यम से एलईडी बल्ब तैयार करने वाली कंपनी के साथ मिलकर ग्राहकों को सुविधा देने के लिए यह मुहिम शुरू की है। इसके तहत कंपनी डाकघरों में एलईडी बल्ब, ट्यूबलाइट और पंखों की सप्लाई कर रही है। आने वाले समय में सभी डाकघरों में उपभोक्ताओं को ये विद्युत उपकरण मुहैया करवाए जाएंगे। इससे ग्राहकों को काफी सुविधा मिलेगी। यही नहीं बाजार में मिलने वाले बल्ब, ट्यूबलाइट तथा पंखों की तुलना में डाकघरों में सस्ते दाम पर मिलेंगे। बाजार में जहां सात वॉट का बल्ब 90 रुपये में मिल रहा है। वहीं, डाकघर में 9 वॉट का बल्ब केवल 70 रुपये में मिलेगा। इसी तरह ट्यूबलाइट और पंखों पर भी ग्राहकों को काफी छूट मिलेगी।
हर डाकघर में मिलेगी सुविधा : दिलीप
डाक अधीक्षक मंडी दिलीप कुमार ने कहा कि डाकघरों में एलईडी बल्ब, ट्यूबलाइट और पंखे ग्राहकों को उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। प्रारंभिक चरण में चुनिंदा डाकघरों में यह ब्रिकी को रही है। बाद में जिलाभर के डाकघरों में इन उत्पादों की बिक्री शुरू होगी।