खरीद कर पानी पीने को मजबूर नेरचौक के लोग
दो माह से पर्याप्त सप्लाई न मिलने के कारण दिक्कत
विभाग ने जल्द समस्या के समाधान का किया दावा
अमर उजाला ब्यूरो
नेरचौक (मंडी)। नगर परिषद नेरचौक के तहत वार्ड 1 और 2 में दो माह से लोग पानी खरीद कर पी रहे हैं। यहां पर पर्याप्त पेयजल सप्लाई न मिलने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, विभाग का तर्क है कि यहां पर हर घर में किरायेदार हैं। जिस कारण पानी की डिमांड बेहद अधिक है। वहीं, वोल्टेज की समस्या के चलते भी पेयजल सप्लाई कुछ हद तक प्रभावित हो रही है। वार्ड के बाशिंदे जोगिंद्र सिंह, नीलम, कुसुमलता, सुनीता, जसवीर, इंदु बाला, रमेश चंद्र, दीपक, राकेश, वीरेंद्र, सोनू, संजय, रेखा, तेजिंद्र कौर ने बताया कि दो माह से पर्याप्त पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है। जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। टैंकरों से पानी भर कर गुजारा कर रहे हैं। पानी की किल्लत की वजह से रोजमर्रा के काम निपटाने के लिए लोगों को टैंकर से पानी मंगवा कर काम चलाना पड़ रहा है। सप्ताह भर में एक टैंकर खत्म हो जाता है। जिसके लिए उन्हें कम से कम 500 और अधिकतम 1000 खर्च करने पड़ रहे हैं। लोगों ने शिकायत पत्र नगर परिषद नेरचौक की वार्ड नंबर 2 की पार्षद अमरप्रीत कौर की अगुवाई में पिछले दिनों मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सौंपा है। जिसमें लोगों ने मांग की है कि उन्हें आवश्यकता अनुरूप पानी उपलब्ध करवाया जाए। बावजूद इसके समस्या जस की तस बनी हुई है ।
जल्द होगा समस्या का समाधान : एसडीओ
विभाग के एसडीओ राकेश ठाकुर ने कहा कि सुबह और शाम वोल्टेज की समस्या चल रही है। जिस कारण पंपिंग नहीं हो पा रही है। साथ ही क्षेत्र में बिछाई गई पाइप लाइन के संवर्धन की योजना है जिसका कार्य भी गति पर है। आने वाले समय में क्षेत्र में पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी।