क्षेत्र के मौवीसेरी छपराहण सड़क मार्ग के निर्माण कार्य में संलिप्त एक व्यक्ति पर लोनिवि के ठेकेदार ने 15 हजार रुपये हड़पने और 12 बैग सरकारी सीमेंट के चोरी करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने कटवांडी निवासी सरकारी ठेकेदार विश्वनाथ की शिकायत पर लोट गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ 420 का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सरकारी ठेकेदार विश्वनाथ ने जून 2015 में मौवीसेरी छपराहण सड़क का निर्माण कार्य लोनिवि से लिया। जिसके बाद विश्वनाथ ने यह काम आगे लोट गांव के एक व्यक्ति को दे दिया।
इसके उपरांत लोट गांव के व्यक्ति को एडवांस में ठेकेदार विश्वनाथ ने 15 हजार रुपये काम करवाने के लिए दिए। मगर उक्त व्यक्ति ने ठेकेदार विश्वनाथ से लिया काम बीच में छोड़ दिया और लेबर के पैसे भी नहीं दिए। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने सरकारी सीमेंट के 12 बैग भी उड़ा लिए। जिसको ठेकेदार विश्वनाथ को विभाग के पास जमा करवाना पड़ा।
बार-बार उक्त व्यक्ति को ठेकेदार विश्वनाथ ने सूचित किया मगर उसने ठेकेदार की एक न सुनी। जिसके बाद ठेकेदार ने पुलिस में उक्त व्यक्ति के खिलाफ 420 का मामला दर्ज करवाया। गोहर थाना प्रभारी लाल सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।