पधर (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला उरला में आयोजित द्रंग जोन की अंडर-14 छात्र वर्ग खेलकूद प्रतियोगिता का समापन वीरवार को हुआ। समापन समारोह में विधायक जवाहर ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के वॉलीबाल मुकाबले में रावमापा थलटूखोड़ विजेता और मेजबान उरला स्कूल उपविजेता रहा। कबड्डी में कथोग विजेता और द्रंग उपविजेता, बैडमिंटन में पधर विजेता और कुफरी उपविजेता रहा। खोखो में थलटूखोड़ और ग्रामन संयुक्त विजेता रहे। योग में कथोग के खिलाड़ियों ने लगातार आठवीं बार दबदबा बरकरार रखते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि सरौंझ दूसरे स्थान पर रहा। शतरंज में झटिंगरी प्रथम और पधर दूसरे स्थान पर रहा।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता के समूहगान में मेजबान उरला और पधर प्रथम तथा सरौंझ दूसरे स्थान पर रहा। वोकल सांग में उरला विजेता और पधर उपविजेता रहा। वन एक्ट प्ले में पधर विजेता और कुफरी उपविजेता, भाषण में पधर विजेता और उरला उपविजेता, लोक नृत्य में रोपा विजेता और उरला उपविजेता रहा। अनुशासन का पुरस्कार रावमापा टांडू के नाम रहा।
एथलेटिक्स के शॉटपुट में कथोग प्रथम और झटिंगरी दूसरे तथा डिस्कस थ्रो में ग्वाली प्रथम तथा साहल और देव पब्लिक स्कूल उरला दूसरे स्थान पर रहा। इस दौरान स्थानीय पाठशाला सहित महिला मंडल मसवाहन की महिलाओं की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। जवाहर ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला उरला में भवन निर्माण के लिए तीन लाख पैंसठ हजार स्वीकृत करने की घोषणा की। जबकि शौचालय निर्माण के लिए 95 हजार मंजूर किए। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए पांच हजार की राशि देने की घोषणा भी की। इससे पहले पाठशाला प्रधानाचार्य प्रवीण वर्मा ने मुख्य अतिथि को शॉल टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।