सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर में बस में बैठी एक नवविवाहिता के साथ मारपीट कर उसे खींच कर बस से उतारने और घर चलने के लिए कहने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यह घटना किसी निजी बस में सुंदरनगर से मंडी जाते समय हुई बताई गई है। लेकिन, किस बस में और कहां पर यह घटना हुई है इसको लेकर स्थिति साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। यह वीडियो खूब चर्चा का विषय बना हुआ है। बस में अनेक लोग बैठे दिख रहे हैं लेकिन कोई भी इस मामले में हस्तक्षेप नहीं कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक सोशल मीडिया पर चल रहे इस वीडियो में हाथों में चूड़ा पहने एक महिला को एक शख्स घर चलने के लिए कह रहा है। लेकिन महिला चलने से इनकार कर रही है। जिस पर गुस्साया व्यक्ति बस की सीट पर बैठी महिला के साथ मारपीट करने लगता है और बस से उतारने के लिए बार-बार उसे खींचता है। लेकिन, महिला न जाने की जिद कर रही है और उससे छूटने के लिए प्रतिकार कर रही है। महिला के हाथों में चूड़ा भी नजर आ रहा है, जिससे प्रतीत होता है कि वह नवविवाहिता है। महिला घर जाने से क्यों इनकार कर रही है और उसके साथ मारपीट करने वाला शख्स कौन है इसे लेकर रहस्य बना हुआ है। थाना प्रभारी सुंदरनगर गुरबचन सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर चल रहा यह वीडियो किस बस में बना है और इसमें मारपीट करने वाला शख्स कौन है और वह यह क्यों कर रहा है, इसे लेकर थाना में कोई शिकायत नहीं आई है। फिर भी पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है।