नेरचौक (मंडी)। जिलास्तरीय नलवाड़ मेला भंगरोटू की पहली सांस्कृतिक संध्या इंडियन आइडल फेम कृतिका तनवर के नाम रही। उन्होंने एक से बढ़कर एक शानदार गाने पेश कर संध्या में श्रोताओं का खूब मनोरंजन किया।
इस संध्या पर जिला उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कृतिका ने मैं तैनूं समझावां की.. गाने से अपनी प्रस्तुतियों की शुरुआत की। इसके बाद एक से बढ़कर एक मधुर और धमाकेदार प्रस्तुतियां देते हुए मेरे रसके कंवर, कजरा मुहब्बत वाला, कजरारे-कजरारे तेरे प्यारे-प्यारे नैना, पत्ता-पत्ता बूटा-बूटा जैसे गीत गाकर खूब धमाल मचाया। कृतिका ने इस मौके पर लोक गीत भी गाए। जिनमें नीरू चाली घूमदी, साहिबा री बीबीये, इसा गराएं देया लंबरा हो, बोतल रही गई ठेके जैसी प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को झूमने पर विवश कर दिया। इससे पूर्व स्थानीय कलाकारों ने भी दर्शकों पर अपनी गायकी का जादू बिखेर कर उनका खूब मनोरंजन किया। सर्वप्रथम वॉयस आफ स्यांज रह चुके कुल्लू के सोहन सागर ने हिंदी गाना आने से उनके आए बहार गाकर कार्यक्रम का आगाज किया। उसके बाद उन्होंने लोक गीत दोड़ू धोने भला डूघे नालुए, लच्छी-लच्छी लोग गलांदे, इन्हा बड़ियां जो तुड़का लाना जैसे गीत गाकर श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं भंगरोटू के स्थानीय गायक कुलदीप कुमार ने भी इस मौके पर हिंदी और पहाड़ी दोनों ही तरह के गीत गाकर लोगों में खूब वाहवाही बटोरी। कुलदीप ने चन्ना मेरेया-मेरेया, तू इस तरह से मेरी जिंदगी में शामिल है, मैं जट यमला पगला दिवाना जैसे गाने गाकर दर्शकों को नचाया भी। संध्या की अध्यक्षता मेला कमेटी के अध्यक्ष बल्ह के एसडीएम अश्ववनी कुमार ने की। इसके साथ ही तहसीलदार भवानी सिंह, बीडीओ बसीर खान, नगर परिषद उपाध्यक्ष चेत सिंह ठाकुर, किंग जॉर्ज के एमडी डा केपी शर्मा, बीडीसी अध्यक्ष अंजना रावत, व्यापार मंडल प्रधान गोविंद ठाकुर और पूर्व प्रधान अमृतपाल सिंह सहित सभी पार्षद व गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।