मंडी। मतदान संपन्न होने के बाद वीरवार देर रात 1091 मतदान केंद्रों से तमाम ईवीएम मशीनें स्ट्रांग रूम में पहुंचा दी गई हैं। केंद्र की पैरा मिलिट्री फोर्स के अलावा अर्द्धसैनिक और प्रदेश सुरक्षा बल की कड़ी निगरानी में इन मशीनों में बंद जनादेश को महफूज किया गया है। 38 दिनों तक प्रत्याशियों का भविष्य इन मशीनों में सुरक्षित रहेगा। स्ट्रांग रूम के भीतर और बाहर तीन सुरक्षा चक्र बनाए गए हैं। हर चक्र में कड़ा पहरा है। जहां जनादेश यानी मशीनें रखी गई हैं, उस कमरे को चारों तरफ से सील किया गया है। खिड़कियां, रोशनदान आदि सभी ईंट और सीमेंट से बंद किए गए हैं। नतीजतन किसी तरह से कोई इन मशीनों तक नहीं पहुंच सके। बल्ह विधानसभा क्षेत्र को छोड़ हर क्षेत्र में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। बल्ह की वोटिंग मशीनें मंडी स्थित स्ट्रांग रूम में ही रखी जाएंगी। 18 दिसंबर को चुनाव परिणाम घोषित होने के दिन मशीनों को काउंटिंग के लिए लाया जाएगा। उधर, सुरक्षा बलों के अलावा स्ट्रांग रूम के इर्द गिर्द गार्द तैनात की गई है।
इस तरह का है सुरक्षा चक्र
स्ट्रांग रूम के सबसे इन्नर सर्कल में सेंट्रल मिलिट्री फोर्स का सुरक्षा चक्र है। यहां तय समय में गार्द बदलती रहती है। जबकि दूसरे सुरक्षा चक्र में सैनिक और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती है। जबकि सबसे बाहर प्रदेश पुलिस और बटालियन के जवानों को सुरक्षा की जिम्मेवारी सौंपी गई है।
सुंदरनगर में तीसरी मंजिल पर स्ट्रांग रूम
सुंदरनगर में राजकीय पॉलीटेक्निक में तीसरी मंजिल में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। रात को सभी स्टेशन से यहां मशीनें पहुंच गई हैं। आसपास किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है। सुरक्षा में पैरामिलिट्री के जवान तैनात किए गए हैं।
सभी स्ट्रांग रूम में सुरक्षा कड़ी
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी ने कहा कि मंडी जिला में सभी 10 स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। यहां सेना, प्रदेश पुलिस और बटालियन के जवान तैनात किए हैं। इसके अलावा अधिकारी समय समय पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। स्ट्रांग रूम के इर्द गिर्द कोई भी बिना अनुमति के नहीं आ जा सकता।
विस क्षेत्र स्ट्रांग रूम इतनी मशीनें
करसोग करसोग कन्या स्कूल, कॉलेज 103
सुंदरनगर पॉलीटेक्नीकल कॉलेज 101
नाचन राजकीय बासा कॉलेज 103
सराज राजकीय लंबाथाच कॉलेज 126
द्रंग राजकीय नारला कॉलेज 122
जोगिंद्रनगर सीसे स्कूल जोगिंद्रनगर 127
धर्मपुर राजकीय कॉलज धर्मपुर 100
मंडी राजकीय वल्लभ कॉलेज 104
सरकाघाट राजकीय कॉलेज सरकाघाट 099
बल्ह राजकीय वल्लभ कॉलेज मंडी 107