थुनाग (मंडी)। लोक निर्माण विभाग ने सर्दी में बर्फबारी से निपटने के लिए कमर कस ली है। लोक निर्माण विभाग मंडल सराज, जंजैहली के सभी अधिकारियों की बैठक में अधिशासी अभियंता रोशन लाल ने बताया कि सड़कों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मशीनरी तैनात कर दी है। बर्फबारी के दौरान इन मशीनों का उपयोग बर्फ हटाने में किया जाएगा ताकि मार्ग को बहाल किया जा सके।
क्षेत्र के केलोधार में 1, कांडा में 1, थुनाग में 1, लंबाथाच में 1, बागाचुनौगी में 1, मगरूगला सड़क के लिए 1, रायगढ़ के लिए 1, छतरी 1 और गाड़ागुशैण में 2 जेसीबी मशीनें तैनात कर दी हैं। जंजैहली और बगस्याड में 1-1 स्नो कट्टर तैनात किए हैं। इनमें दो जेसीबी मशीनें और तीन टिपर सहित दो स्नो कट्टर लोक निर्माण विभाग के हैं और 8 विभागीय ठेकेदारों के हैं।
बताया कि बर्फबारी में सड़क बाधित न हो, जिस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसलिए विभाग ने 8 जेसीबी मशीनों के लिए निजी ठेकेदारों की मदद ली है। बताया कि सीजन खत्म होने तक फील्ड स्टॉफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मौसम खराब होने के साथ ही विभाग का काम शुरू हो जाएगा। विभाग का पहला कार्य सड़क बहाल करने का रहेगा। संवाद