हिमाचल प्रदेश में साल 2025-26 के लिए बिजली दरें इस सप्ताह जारी होंगी। राज्य विद्युत विनियामक आयोग 29 मार्च से पहले नई दरें जारी कर देगा। प्रदेश में कई श्रेणियों के उपभोक्ताओं की बिजली सब्सिडी बंद होने से इस बार दरें बढ़ने की संभावना कम है। उद्योगों को प्रति यूनिट 40 पैसे प्रति यूनिट सब्सिडी देने का नए टैरिफ में प्रावधान हो सकता है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बीते दिनों बजट पेश करते हुए उद्योगों की एक रुपये बंद हुई बिजली सब्सिडी का फैसला वापस लेते हुए 40 पैसे सब्सिडी देने की घोषणा की है।
हिमाचल प्रदेश में 1 अप्रैल 2025 से नई बिजली दरें लागू होंगी। राज्य विद्युत विनियामक आयोग घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए नई दरें जारी करेगा। प्रदेश में क्लास वन और टू स्तर के अधिकारियों की सब्सिडी बंद करने के फैसले से इस साल प्रदेश में घरेलू बिजली दरें बढ़ने के आसार कम हैं। व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं पर दूध और पर्यावरण सेस कुछ माह पहले ही लगाया गया है। ऐसे में इन उपभोक्ताओं के लिए नई दरें बढ़ेंगी या नहीं, इस पर संशय है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि एक जनवरी 2025 से क्लास वन और टू स्तर के अधिकारियों की बिजली सब्सिडी बंद करने के फैसले के बाद सरकार ने दरों में बढ़ोतरी नहीं करने का फैसला लिया है। सरकार ने स्वेच्छा के आधार पर भी बिजली सब्सिडी छोड़ने की लोगों से अपील की है।