जिले में 13 से 27 नवंबर तक चलेगा सघन दस्त पखवाड़ा
निमोनिया और दस्त से पीड़ित बच्चों का स्वास्थ्य जांचेंगी स्वास्थ्य कार्यकर्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में दो सप्ताह तक जिला स्तरीय सघन दस्त एवं निमोनिया पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसका विधिवत शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर ने किया। उन्होंने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में निमोनिया पखवाड़ा को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिले के पांचों स्वास्थ्य खंडों जरी, नग्गर, बंजार, आनी और निरमंड में पखवाड़ा आगामी दो सप्ताह मनाया जाएगा। 13 से 27 नवंबर तक सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर निमोनिया और दस्त से ग्रसित बच्चों का स्वास्थ्य जांचेंगी। हालांकि, जिस भी घर में नवजात से लेकर पांच साल तक के बच्चे हैं। वहां, 14 दिन के लिए ओआरएस, पीकेटी, जिंक की दवाइयां बांटेगी। कहा कि इस पखवाड़ा के तहत स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों की ओर से घर द्वार तक पहुंच बनाकर निमोनिया और दस्त से ग्रस्त बच्चों की जांच की जाएगी, ताकि एक भी बच्चा न छूटे और 27 नवंबर तक पूरे जिले को कवर किया जाएगा।