जीरो प्वाइंट-धाउगी मार्ग की खस्ताहालत दशा। संवाद
न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी में जीरो पॉइंट से धाउगी तक की सड़क जल्द ही दुरुस्त होगी। इससे क्षेत्र के लोगों का सफर सुगम और आरामदायक बनेगा। करीब 6 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर टारिंग के लिए 12 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर ठेकेदार को वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिए हैं।
वर्ष 2023 से 2025 के बीच हर बार आपदा के दौरान यह सड़क क्षतिग्रस्त होती रही है, जिसके चलते स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। क्षेत्रवासियों ने लगातार सड़क सुधार की मांग उठाई थी। अब बजट स्वीकृत होने के बाद विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।
धाउगी पंचायत की पूर्व प्रधान बिमला देवी और स्थानीय निवासी सोहन लाल, वीर, धनी राम, राम देवी, धर्मपाल व प्रेम सिंह ने बताया कि सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बस सेवा पूरी तरह ठप है, वहीं छोटे वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा, किसानों को फल और सब्जियां मंडियों तक पहुंचाने में भी दिक्कत हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क की मरम्मत और टारिंग होने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पंकज ठाकुर ने बताया कि सड़क की मरम्मत और टारिंग के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ठेकेदार को वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। संवाद