सैंज के जीवानाला मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा
इकलौते बेटे की मौत से बुजुर्ग माता-पिता सदमे में
संवाद न्यूज एजेंसी
सैैंज (कुल्लू)। जिले के सैंज में एक युवक की एलएनटी मशीन के नीचे आने से मौत हो गई है। घटना रविवार देर शाम करीब 6 बजे की है। पुलिस ने एलएनटी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम को यशपाल मझाण गांव से एक अन्य साथी के साथ खड़ांगचा जा रहा था। वह जीवानाला के गातीपाट नामक जगह पहुंचे तो सड़क के निर्माण में लगी एलएनटी मशीन की चपेट में आ गए। इस बीच किसी ने आवाज लगाई कि मशीन के नीचे कोई दब गया है। वीर सिंह ने देखा कि यशपाल एलएनटी मशीन के नीचे आ गया है। युवक को लोगों की मदद से निकाला गया और 108 एंबुलेंस से सीएचसी नगवाईं पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लिया। सोमवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। मृतक की पहचान यशपाल 27, पुत्र ठाकर दास, निवासी गांव खड़ांगचा, डाकघर रैला, तहसील सैंज के रूप में हुई है। उधर, पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने कहा कि आरोपी के लिए खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
इकलौते बेटे की मौत से सदमे में बुजुर्ग माता-पिता सदमे में
एलएनटी मशीन की चपेट में आने से सैंज के खड़ांगचा के युवक यशपाल की मौत से बुजुर्ग माता-पिता सदमे में हैं। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही माता और पत्नी बेहोश हो गईं। पूरे गांव में मातम का माहौल है। रैला दो पंचायत के प्रधान जोगिंद्र सोनी ने कहा कि यशपाल माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह मझाण से खड़ांगचा जा रहा था। उन्होंने कहा कि यशपाल के दो छोटे बच्चे हैं। उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।