वोट चोरी के आरोपों और एसआईआर के विरोध में युवा कांग्रेस ने ढालपुर में पुतला फूंका
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। वोट चोरी के आरोपों और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में युवा कांग्रेस (युकां) कुल्लू विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ढालपुर में प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाया।
इसके बाद कार्यकर्ता चुनाव आयोग के मंडलीय कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यालय की दीवार और बोर्ड पर चोर आयोग लिखने के बाद अंदर घुसने की कोशिश की। सुरक्षा बलों ने कार्यकर्ताओं को रोककर कार्यालय परिसर से बाहर कर दिया। इस दौरान मौके पर जमकर हंगामा हुआ।
प्रदर्शन की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के सह प्रभारी ज्योतिष एचएम और जिला कुल्लू के प्रभारी तरुण ठाकुर ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों की पारदर्शिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।
एसआईआर के तहत मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण में मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान के साथ पात्र मतदाताओं को सूची में बनाए रखने की प्रक्रिया शामिल है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस प्रक्रिया में किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटे और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से हो।
उन्होंने मतदाता सूचियों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव कार्तिक चौधरी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
जिला कुल्लू युवा कांग्रेस के प्रभारी तरुण ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के हाथों की कठपुतली बने हुए हैं और मनमानी कर रहे हैं। देशभर में कांग्रेस की ओर से इसका विरोध किया जा रहा है और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हर राज्य में वोट चोरी कर रही है और एसआईआर के बहाने कई युवाओं के वोट भी खत्म किए जा रहे हैं। युवा कांग्रेस इसका विरोध करती रहेगी।
कुल्लू में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपमंडलीय निर्वाचन कार्यालय में घुस कर कार्यालय की पट्टिक