कुल्लू। पुलिस ने जिला कुल्लू के प्रवेश द्वार बजौरा में 42 ग्राम चिट्टे के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास तलाशी के दौरान यह नशा मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला भी दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की एक टीम भुंतर क्षेत्र के बजौरा में नाके पर थी। इस दौरान पुलिस ने सामने से आ रहे युवक आकाश उप्पल (23), निवासी खखनाल, डाकघर हरिपुर, तहसील मनाली, जिला कुल्लू को रोका। पुलिस को देखकर युवक घबरा गया। लेकिन जब इसकी तलाशी ली गई तो उसके पास 42 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। तीन दिन पहले ही पुलिस ने 110 ग्राम चिट्टा भी पकड़ा था। चिट्टे की बड़ी खेप मिलने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि कोरोना की बंदिशें हटने के बाद अब तस्कर सक्रिय हो गए हैैं। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक गुरुदेव शर्मा ने कहा कि जिले में चिट्टा लेकर आने वाले तस्करों पर पुलिस टीम लगातार नजर बनाए हुए हैं। आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है कि उसने यह चिट्टा कहां से लाया था। कुल्लू में आकर इसे किन लोगों को बेचना था। उन्होंने कहा कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।