कहा - लक्ष्य से न भटकें युवा, अपनी ऊर्जा का करें सकारात्मक उपयोग
ग्रामीण कवि मंच ने किया कवि सम्मेलन का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। युवा अपने लक्ष्य से न भटकें और बुरी संगत का सहारा न लें। अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करें। इसके लिए ग्रामीण कवि मंच ने कैंपस के कवि से कवायद शुरू कर दी है।
इस पहल की पहली शृंखला में गायत्री कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। रामेश्वरी टीचर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट शाढ़ाबाई में कार्यक्रम हुआ। इसमें 13 युवा कवियों ने प्रशिक्षुओं का सकारात्मक ऊर्जा से परिचय करवाया।
सम्मेलन का संचालन नेहा शर्मा, रवि शर्मा ने किया। इसमें लगभग 150 प्रशिक्षु, शिक्षक और गैर-शिक्षक शामिल रहे। युवा कवियों ने अपनी कविताओं से समाज के विभिन्न पहलुओं पर ध्यान आकर्षित किया। ग्रामीण कवि मंच अनिल ठाकरे ने कहा कि कैंपस के कवि शृंखला के माध्यम में छिपी प्रतिभाओं को तराशने का काम किया जा रहा है। स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों और प्रशिक्षुओं को साहित्य, संगीत और रंगमंच की विधाएं सिखाईं जाएंगी। इसके लिए जिले में एक शृंखला चलाई जा रही है। इस कड़ी में रामेश्वरी टीचर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट शाढ़ाबाई में पहला गायत्री कवि सम्मेलन हुआ। इसमें संस्थान के नौ ग्रामीण कवि मंच के चार कवियों ने प्रस्तुति दी।