कुल्लू। जिला प्रशासन तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए कड़ी निगरानी रखेगा। कोटपा अधिनियम 2003 और पीईसीए 2019 के प्रभावी कार्यान्वयन के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध संबंधी प्रावधानों को सख्ती से लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं और किशोरों को तंबाकू की पहुंच से दूर रखना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस दिशा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें युवाओं और किशोरों को तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान और इसके दीर्घकालिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी। अभियान को व्यापक स्तर पर शुरू करने के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं, किशोरों और आमजन को इससे जोड़ा जा सके। अभियान के तहत शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने के साथ गांवों को भी इस मुहिम से जोड़ा जाएगा।
तंबाकू मुक्त गांवों को प्रोत्साहित कर स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित करने और सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान रहेगा। उपायुक्त डॉ. अमित शर्मा ने कहा कि युवाओं, किशोरों और आमजन को तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई जाएगी। संबंधित अधिकारियों को अवैध रूप से तंबाकू उत्पाद बेचने वालों पर नजर रखने तथा प्रतिबंधित क्षेत्रों में बिक्री पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के माध्यम से तंबाकू सेवन के प्रति लोगों की सोच बदलने और नई पीढ़ी को इसकी लत से बचाने का प्रयास किया जाएगा। संवाद