लारजी (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय सैंज में हिमाचल के स्थानीय उत्पादों और संसाधनों पर आधारित स्टार्टअप विचारों को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। कॅरिअर काउंसलिंग सेल की संयोजक डॉ. शशि शर्मा के मार्गदर्शन में हुई कार्यशाला में 42 विद्यार्थियों ने भाग लिया। आईआईटी मंडी कैटालिस्ट की मुख्य वक्ता मिन्नी कौर ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप आइडिया विकसित करने, उत्पाद में मूल्यवर्धन करने और स्थानीय उत्पादों को बाजार में व्यावसायिक अवसर में बदलने के तरीकों की जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय संसाधनों पर आधारित अपने व्यावसायिक विचार भी साझा किए। मुख्य वक्ता ने विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच विकसित करने, स्वरोजगार के अवसर तलाशने और उद्यमिता को कॅरिअर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों में रोजगार और व्यवसाय की पर्याप्त संभावनाएं हैं। कार्यशाला में विद्यार्थियों को छोटे व्यवसाय शुरू करने के लिए जरूरी व्यावहारिक जानकारी भी दी गई। संवाद