जलशक्ति विभाग 50 मीटर लाइन को बदलकर दूसरी जगह ले जा रहा, बरसात में रहेगी सुरक्षित
सात जून तक पूरा कर लिया जाएगा कार्य, शहरवासियों की आपूर्ति हो रही प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जल शक्ति विभाग ने कुल्लू शहर के लिए पेयजल आपूर्ति करने वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट खलाड़ा नाला की मुख्य लाइन को बदलने का काम शुरू कर दिया है। लगघाटी में बहने वाली खड्ड के साथ लाई गई 50 मीटर लाइन को बदलकर दूसरी जगह से लाया जा रहा है। इससे बरसात के दौरान कुल्लू शहर की पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं होगी।
कुल्लू में बरसात के दौरान सरवरी खड्ड में बाढ़ आने पर अक्सर पेयजल आपूर्ति बाधित हो जाती थी। पिछले साल जुलाई में आई आपदा से कुल्लू शहर की सप्लाई ठप हुई थी। बुधवार को जल शक्ति विभाग के कर्मचारी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट खलाड़ा नाला की मुख्य लाइन को बदलने का कार्य करते रहे। हालांकि मुख्य लाइन को बदलने में तीन दिन का समय लगेगा।
सात जून तक जल शक्ति विभाग ने कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इस बीच कुल्लू शहर की पेयजल आपूर्ति पर भी असर रहेगा। बुधवार को कुल्लू शहर में कुछ क्षेत्रों में सुबह तीन घंटे पानी दिया गया। विभाग ने इस बारे में पहले ही लोगों को बता दिया था।
...
विभाग के कर्मचारी और अधिकारी कार्य में जुटे हुए हैं। लाइन बदलने से कुल्लू शहर की पेयजल आपूर्ति बरसात में भी प्रभावित नहीं होगी। शहरवासियों को नियमित पानी की आपूर्ति की जाएगी।
-अंकित विष्ट, सहायक अभियंता, जलशक्ति विभाग
..संवाद