केलांग में मनाया गया जिला स्तरीय आयुर्वेद दिवस कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लोग केलांग में आयुष विभाग के जिला अस्पताल की ओपीडी का लाभ उठाएं और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का आग्रह किया। आयुर्वेद न केवल रोगों की चिकित्सा करता है, बल्कि उनके नियंत्रण और रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह बात उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने मंगलवार को केलांग में आयोजित जिला स्तरीय आयुर्वेद दिवस समारोह में कही।
उन्होंने कहा कि इस प्राचीन भारतीय चिकित्सा प्रणाली को अपनाकर हम स्वस्थ जीवनशैली प्राप्त कर सकते हैं। आयुर्वेद में प्राकृतिक जड़ी-बूटियों एवं पौधों के माध्यम से उपचार किया जाता है जिससे शरीर के साथ-साथ मन भी स्वस्थ रहता है। इस अवसर पर उन्होंने औषधीय पौधा लगाकर पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। उन्होंने महिलाओं से अपने किचन गार्डन में औषधीय पौधे लगाकर इनको अपने दैनिक जीवन में इसका उपयोग करने की सलाह दी।
वहीं,जिला आयुष अधिकारी बनीता शर्मा ने विभाग के कार्य कलापों के बारे में जानकारी देते हुए उपस्थित सभी से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने व योग एवं आयुर्वेद को अपने दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेदिक औषधियों के वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं निशुल्क चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। इस आयोजन में खंड विकास अधिकारी विवेक गुलेरिया, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग सूर्य शर्मा, जिला कृषि अधिकारी मुंशीराम ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी सचिन कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं स्थानीय महिला मंडल के सदस्य शामिल रहे।