कुल्लू। एक हिमाचल एनसीसी एयर स्क्वाड्रन कुल्लू के हैंगर का निर्माण कार्य प्रदेश एवं जिला के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगा क्योंकि इसके माध्यम से एनसीसी कैडेट्स को आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रशिक्षण स्थल उपलब्ध होगा।
यह बात उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने कही। उपायुक्त की अध्यक्षता में एनसीसी हैंगर स्थापना से संबंधित बैठक का आयोजन हुआ। इसमें प्रशासन के अधिकारियों के साथ एनसीसी एयर विंग, एयर पोर्ट अथॉरिटी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने निर्माणाधीन एनसीसी हैंगर कार्य की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि एनसीसी हैंगर की स्थापना न केवल कैडेट्स के लिए प्रशिक्षण के अवसर बढ़ाएगी बल्कि प्रदेशभर के युवाओं को राष्ट्रीय धारा से जोड़ने का एक मजबूत मंच भी प्रदान करेगी।
उन्होंने संबंधित विभागों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कार्य समयबद्ध पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि एनसीसी हैंगर को निर्धारित समय पर आरंभ करने के लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) तैयार किया जाए। यह एसओपी कार्यों के सुचारु संचालन, विभागीय समन्वय और समय सीमा पालन में सहायक सिद्ध होगी।
इसके अतिरिक्त, उपायुक्त ने एमओयू से जुड़े बिंदुओं की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार, सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर, जिला राजस्व अधिकारी गणेश, विंग कमांडर कुणाल शर्मा, निदेशक कुल्लू-मनाली हवाई अड्डा सिद्धार्थ कुमार कदंब, प्रशांत, मोहित कपिल आदि उपस्थित रहे।