बेहतर पर्यटन स्थल बनाने को मनाली विकास परिषद का गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली को बेहतरीन पर्यटन स्थल और समस्याओं के समाधान के लिए सभी संगठन एक मंच के नीचे आ गए हैं। इसके लिए मनाली विकास परिषद (मनाली डेवलपमेंट काउंसिल) का गठन किया गया है।
रविवार को परिषद की पहली बैठक हुई। इसमें स्वच्छता अभियान से कार्य का आगाज करने का निर्णय लिया गया। अगले रविवार को परिषद से जुड़े तमाम संगठन हिडिंबा मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाएंगे।
गौरतलब है कि पर्यटन नगरी मनाली में हर साल लाखों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। मूलभूत सुविधाएं नहीं होने के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभिन्न कारोबार से जुड़े लोग भी परेशान हो रहे हैं। अपनी समस्याओं को दूर करने के लिए अलग-अलग कार्य करने के बजाय अब सब मिलकर कार्य करेंगे। परिषद में व्यापार मंडल मनाली, टैक्सी यूनियन, मनाली होटल यूनियन, ट्रैवल एजेंट यूनियन, गुड्स कैरियर यूनियन समेत पर्यटन से जुड़ीं कई यूनियनें शामिल हुई हैं। व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने बताया कि मनाली विकास परिषद का जल्द पंजीकरण करवाया जाएगा। राहुल कटोच को परिषद का समन्वयक नियुक्त किया गया है। राहुल ने कहा कि अब परिषद के गठन से हम सामूहिक प्रयास कर सकेंगे। सभी संगठनों के सुझाव और राय के बाद ही आगामी फैसले लिए जाएंगे।