रांगड़ी-कन्याल, सिमसा-शलीण सड़क को लेकर ग्रामीण उग्र, विभाग को ठहराया दोषी
खस्ताहाल सड़कों के कारण लोगों को उठानी पड़ रहीं दिक्कतें : दिले राम
......
सड़कों की हालत न सुधरी तो करेंगे आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। रांगड़ी-कन्याल सड़क की खस्ताहालत पर ग्रामीण उग्र हो गए हैं। रांगड़ी से कन्याल तक पांच किमी जबकि सिमसा से शलीण तक 8 किमी सड़क की खराब हालत को देखते हुए ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। पत्रकार वार्ता में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दो साल में सड़क नहीं सुधरी, जबकि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी खुद रोज इस सड़क पर सफर करते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि विभाग दो सालों से इस सड़क की अनदेखी करता आ रहा है। सड़क की खराब हालत को देखते हुए 9 गांवों के ग्रामीणों ने विभाग को सड़क की दुर्दशा का जिम्मेदार ठहराया है। सभी गांवों के ग्रामीणों ने बैठक कर सड़क की हालत को देखते हुए नसोगी पंचायत प्रधान को मौके पर बुलाया। उन्हें सड़क की हालत से अवगत कराया। रांगड़ी से दोनों संपर्क सड़कों से जो गांव प्रभावित हैं उनमें शलीण, पारशा, बरोड़, मढ़ी, गधेरनी, रांगड़ी, सिमसा, नसोगी और कन्याल शामिल हैं। पंचायत प्रधान दिले राम ने कहा कि विभाग की वजह से अब तक ग्रामीणों को सेब की फसल को मंडियों तक पहुंचाने में दिक्कतें उठानी पड़ीं। साथ ही इन गांवों में होटलों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विभाग को पंचायत की ओर से लिखित में सड़कों की हालत के बारे में अवगत कराया जाएगा। नसोगी के पूर्व उप प्रधान एवं ग्रामीण मंगल चंद ने बताया कि विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों की सेब की फसल के साथ यहां पर स्थित होटलों को भी काफी नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि यही सड़क पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, सांसद कंगना रणौत की गृह पंचायत की सड़क है। इस अवसर पर मेहर चंद, तोत राम, तारा चंद ठाकुर भी मौजूद रहे। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप शर्मा ने बताया कि जल्द ही दोनों सड़कों का काम शुरू हो जाएगा। विभाग ने मशीनरी और मजदूर भेज दिए हैं। इसके लिए बजट भी मंजूर हुआ है। जलशक्ति विभाग ने भी कार्य में देरी की, जिसकी वजह से विभाग काम शुरू नहीं कर पाया है।
00