लाहौल में 14 को शुरू होगा स्वच्छता ही सेवा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिला मुख्यालय केलांग में वीरवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त राहुल कुमार ने की। उन्होंने कहा कि अभियान 14 सितंबर से शुरू होगा, जिसका समापन 2 अक्तूबर को गांधी जयंती पर होगा। इस दौरान विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान की सफलता जिले को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में सहायक साबित होगी। इसलिए सरकारी अधिकारी, गैर सरकारी संगठन, पंचायती राज संस्थाएं आदि अपना योगदान दें। एसडीएम केलांग रजनीश शर्मा ने कहा कि सभी को स्वच्छता शपथ दिलाई जाएगी। 15 सितंबर को विशेष ग्राम सभाओं में आदर्श गांव, ओडीएफ की पुष्टि की जाएगी। 16 से 21 सितंबर तक चश्मों, पनिहारों और प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई तथा प्लास्टिक के कचरे को एकत्रित किया जाएगा। 25 से 28 सितंबर तक सफाई मित्र सुरक्षा शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान में बेहतरीन कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोशन लाल, वन मंडल अधिकारी अनिकेत वानवे, परियोजना अधिकारी एकीकृत जनजातीय विकास मनोज ठाकुर आदि मौजूद रहे। संवाद