कुल्लू। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने से मंगलवार को सरकार ने कुछ सख्त कदम उठाते कई पाबंदियां लगा दी हैं। सरकार के फैसले के अनुसार अब शादी समारोह में सिर्फ 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे। लोगों ने पहले 200 लोगों के हिसाब से ही तैयारियां की हैं। इससे पहले खुले स्थानों पर होने वाले आयोजनों में अधिकतम 200 लोग शामिल होने की अनुमति थी।
सरकार के फैसले से कुल्लू में प्रस्तावित शादियों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। शादी के लिए आयोजकों ने कार्ड भी बांट दिए हैं। अब सरकार कह रही है कि शादी समारोह में महज 50 लोग ही शामिल हो सकते हैं। ऐसे में आयोजकों की दिक्कतें भी बढ़ गई हैं। आयोजकों को समझ नहीं आ रहा कि कार्ड बांटने के बाद किसे शादी में बुलाया जाए और किसे इनकार करें। कुल्लू में अपने बेटे की शादी तय करवा चुके जसपाल सिंह ने कहा कि अब काफी असमंजस की स्थिति बन गई है। उन्होंने 200 लोगों की अनुमति ली थी। सारी तैयारियां भी पूरी हो गई हैं। सरकार ने लोगों की संख्या घटाकर 50 कर दी है। ऐसे में काफी उलझन पैदा हो गई है। दूसरी ओर बसों में भी बुधवार से 50 फीसदी सवारियों को ही बिठाना होगा। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने कोरोना के बीच कई रूट लोगों की सुविधा को देखते हुए कम सवारियों के साथ ही चलाए थे। लेकिन अब जिले में कई रूटों पर निगम के पहिये थम सकते हैं। इसका नुकसान ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली जनता को भुगतना पड़ेगा। बसें न मिलने के चलते लोगों को अपने घर जाने के लिए एक बार फिर से टैक्सियों का सहारा लेना पड़ेगा। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि कोरोना नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएगी।