जनसहयोग से संवर रही जोगणी वाटर फॉल सड़क
23 से 28 जुलाई तक चलेगा मरम्मत कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। जोगणी वाटर फॉल मार्ग की खस्ताहाल स्थिति को सुधारने के लिए स्थानीय युवा आगे आए हैं। पलचान पंचायत के वार्ड पंच विनोद सैनी की अगुवाई में 23 से 28 जुलाई तक सड़क के रखरखाव एवं मरम्मत का कार्य किया जाएगा। वीरवार को कार्य का शुभारंभ किया गया। यह कार्य स्थानीय ग्रामीणों और होटल व्यवसायियों के स्वैच्छिक आर्थिक सहयोग से किया जा रहा है।
वार्ड पंच विनोद सैनी ने बताया कि लंबे समय से सड़क की हालत बेहद खराब होने के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ जोगणी वाटर फॉल आने वाले पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई जगह सड़क क्षतिग्रस्त होने से आवागमन प्रभावित हो रहा था। इसे देखते हुए ग्रामीणों और होटल संचालकों ने जनसहयोग से सड़क की मरम्मत कराने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान सामुदायिक सहभागिता का उदाहरण है। इसमें क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग दिया है। इस कार्य में बीडीसी अध्यक्ष वेद राम ठाकुर, पूर्व प्रधान रोशन लाल, सोहन लाल, राम सिंह, देवी सिंह, मोहन लाल, दुर्गा दत्त, नंद लाल, वेद राम नेगी, सुदामा राज कृष्ण, नवीन चंदेल, नवीन, अंजू रईस, आदर्श आचार्य, पासंग डोलमा, ईशान यांबा, नवांग सहित अनेक लोगों ने आर्थिक एवं श्रम सहयोग प्रदान किया है।
विनोद सैनी ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रयास किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे गांव के विकास और जनहित से जुड़ा सामूहिक अभियान है। उन्होंने बताया कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सहयोग देने वाले सभी लोगों की सूची जल्द सार्वजनिक की जाएगी।