कुल्लू में मतदान दिवस के मौके पर नए मतदाताओं को पहचान पत्र देते उपायुक्त।-संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू । मतदाता दिवस पर उपायुक्त कार्यालय में समावेशी सुगम एवं सहभागी निर्वाचन थीम पर मंगलवार को राष्ट्रीय मतदान दिवस का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने इस अवसर पर मतदाता दिवस की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि मतदाता दिवस प्रत्येक नागरिक के लिए महत्वपूर्ण है। व्यक्ति को अपने मताधिकार के महत्व का पता चलता है। प्रत्येक व्यक्ति का मत देश के भविष्य की नींव रखता है और राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनता है।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का गठन 25 जनवरी 1950 को संविधान के लागू होने से एक दिन पूर्व हुआ था। चुनाव में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए 2012 से हर साल 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन इस उद्देश्य के साथ किया जाता है कि प्रत्येक युवा जो 18 साल की आयु पूरी कर लेता है, वह अपना फोटो पहचान पत्र बनवाए। इसके अलावा मतदाताओं को मत करने के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें जागरूक बनाना भी इस दिवस का मकसद है। यह दिवस सभी नागरिकों को अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की याद दिलाता है। उपायुक्त ने मतदान के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि यह दिवस लोगों को बताता है कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए मतदान करना जरूरी है। मतदान प्रक्रिया में भागीदारी जरूरी है तभी लोकतंत्र में हमारी भागीदारी सुनिश्चित होगी। इस दिन हम यह भी प्रण लेते हैं कि हम शांतिपूर्ण, निष्पक्ष चुनाव करवाने की लोकतांत्रिक परंपरा को बरकरार रखेंगे और प्रत्येक चुनाव में धर्म, नस्ल, जाति, समुदाय, भाषा आधार पर प्रभावित हुए बिना निर्भीक होकर मतदान करेंगे। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि जब भी वे 18 साल की आयु पूरी कर लेते हैं तुरंत से अपना पंजीकरण करवाकर फोटो पहचान पत्र बनवाएं। इससे पूर्व उन्होंने भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त का संदेश भी उपस्थित लोगों ने सुना। इसके उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी ने पांच नए मतदाताओं को प्रतीकात्मक तौर पर फोटो युक्त पहचान पत्र भी वितरित किए। इस मौके पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रशांत सरकैक, सहायक आयुक्त केशव राम और तहसीलदार निर्वाचन सुमन कपूर उपस्थित रहे।