भुंतर के त्रैहण चौक पर दुघर्टनाग्रस्त हुए वाहन।-संवाद
भुंतर (कुल्लू)। शहर के त्रेहन चौक में फोरलेन पर सोमवार को वोल्वो बस और टिपर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इसकी चपेट में आकर एक वैन भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद अफरा तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार वोल्वो बस और टिपर बजौरा से कुल्लू की तरफ जा रहे थे। जैसे ही दोनों वाहन त्रेहन चौक के पास पहुंचे, तो एक-दूसरे को पास देते समय अनियंत्रित होने से भिड़ंत हो गई। इसी दौरान त्रेहन की ओर से भुंतर की तरफ आ रही एक वैन भी हादसे की चपेट में आ गई।हादसे में टिपर चालक घायल हो गया है।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वोल्वो बस में सवार कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद भुंतर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना के कारण फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान ने कहा कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। संवाद