अंतरराष्ट्रीय समर फेस्टिवल के लिए चुनी जाएगी टीम
एक जनवरी 2005 या उसके बाद का होना चाहिए जन्म
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय समर फेस्टिवल 2026 के दौरान आयोजित होने वाली प्रथम एंटी-ड्रग इंटर-डिस्ट्रिक्ट वॉलीबाल चैंपियनशिप बॉयज अंडर-21 वर्ग के लिए कुल्लू जिले की टीम चुनी जाएगी। टीम के चयन के लिए ट्रायल 24 मई को होगा। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने बताया कि यह चैंपियनशिप जिला खेल परिषद और जिला प्रशासन शिमला की ओर से अंतरराष्ट्रीय समर फेस्टिवल आयोजन समिति के सौजन्य से आठ से 12 जून तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिला कुल्लू से टीम का चयन होगा। चयन के लिए ट्रायल सुबह 10 बजे से खेलो इंडिया केंद्र, खेल परिसर ढालपुर कुल्लू में होगा।
प्रतियोगिता में विजेता टीमों और खिलाड़ियों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार में प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये सहित ट्रॉफी और मेडल दिए जाएंगे, जबकि द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये रखा गया है। इसके अतिरिक्त क्वालीफाई करने वाली शीर्ष पांच टीमों को 20-20 हजार रुपये प्रति टीम प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को आयोजन समिति की ओर से टी-शर्ट भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों का जन्म एक जनवरी 2005 या उसके बाद का होना अनिवार्य है। खिलाड़ियों को अपने साथ आयु प्रमाण पत्र और आधार कार्ड की मूल प्रति लाना होगी। चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को यात्रा भत्ता एवं दैनिक भत्ता देय नहीं होगा। उन्होंने जिले के इच्छुक युवा खिलाड़ियों से समय पर पहुंचकर ट्रायल में भाग लेने की अपील की है।