आठ जनवरी को गाड़ागुशैणी में पीट-पीटकर मार डाला था बिहार का युवक
अब सैंज और पतलीकूहल में हुईं हत्या की वारदातों से सहमे जिले के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। देवभूमि के नाम से पहचानी जाने वाली कुल्लू घाटी इन दिनों लगातार हो रहीं हत्याओं से सहमी हुई है। नए साल की शुरुआत के महज तीन दिन के भीतर जिले में तीन लोगों की हत्या की घटनाएं सामने आई हैं। इससे शांत वादियों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
बंजार के गाड़ागुशैणी में प्रेम प्रसंग में हुई बिहार के युवक की हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि दो और हत्याएं होने से सनसनी फैल गई है। मात्र तीन दिन के भीतर शांत रहने वाली कुल्लू घाटी में तीन हत्याएं हो चुकी हैं। बंजार की गाड़ागुशैणी में एक कथित प्रेमी की मारपीट करने के बाद बिहार के रहने वाले 21 वर्षीय युवक की हत्या हो गई। प्रेमिका से मिलने आए युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इसमें पुलिस ने एक नाबालिग सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें प्रेमिका का पति भी शामिल है। इसकी जांच अभी चल रही है और कई और लोग पुलिस की रडार में है।
अब 9 जनवरी को पतलीकूहल के 16 मील में नेपाल के रहने वाले मामा-भांजे के बीच झगड़ा हो गया और भांजे ने मामा को धक्का दे दिया। इसकी ब्यास नदी में गिरने से मौके पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों में पैसे के लेन-देन को लेकर कहासुनी हुई और बात इतनी बिगड़ी की भांजे ने अपने मामा को धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। तीसरा मामला सैंज में पेश आया जहां 4 जनवरी को एक व्यक्ति ने मृतक को पीछे से हमला कर दिया और गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। करीब एक सप्ताह तक चले उपचार के बाद शनिवार को व्यक्ति ने उपचार के दौरान एम्स बिलासपुर में दम तोड़ दिया। तीनों वारदात से मृतक परिवार के लोग सदमे हैं।