पर्यटन नगरी मनाली में राष्ट्रीय विंटर कार्निवाल का सोमवार से शुभारंभ होगा। कार्निवाल का शुभारंभ माता हिडिंबा की पूजा-अर्चना के साथ होगा। बाद में मनाली के माल रोड में उझी घाटी के महिला मंडल अपनी झांकियां पेश कर पर्यटकों को अपनी पारंपरिक संस्कृति से परिचित करवाएंगी। पांच दिवसीय शरदोत्सव को उद्घाटन शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा करेंगे।
कार्निवाल के पहले दिन सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ बाहर से आए दल भी अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं, महिलाओं का फैशन शो, लोकनृत्य, वायस ऑफ कार्निवाल, शरद सुंदरी प्रतियोगिता, रस्साकशी, हिमाचली पारंपरिक पोशाक, होरन व नाटी कार्निवाल का आकर्षण रहेगा।
पर्यटन नगरी मनाली विंटर कार्निवाल के लिए पूरी तरह तैयार है। माता हिडिंबा की पूजा अर्चना के साथ विंटर कार्निवाल का विधिवत शुभारंभ होगा। लोगों और सैलानियों के मनोरंजन के लिए मनाली के माल रोड में हिमाचली व्यंजन, स्थानीय वाद्य यंत्र, लोकनृत्य, हथकरघा एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी, मैजिक शो, स्ट्रीट डांस, कार्टून और पंजाबी मार्शल आर्ट आदि मुख्य आकर्षक होंगे। उधर, मनाली की पहाड़ियों रविवार को बर्फ के हल्के फाहे गिरने से यहां सैर सपाटे को पहुंचे पर्यटकों ने अपने शेड्यूल को भी आगे बढ़ा दिया है। बर्फ की चाहत को लेकर मनाली पहुंचे पर्यटकों ने पांच दिनों तक चलने वाले राष्ट्रीय विंटर कार्निवाल को देखते हुए भी अपने कार्यक्रम में फेरबदल किया है। इधर, कार्निवाल कमेटी के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम मनाली एचआर बैरवा ने कहा कि विंटर कार्निवाल के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है।