लगघाटी के गांव में एक सप्ताह से नहीं है बिजली, वीडियो भी हुआ वायरलसंवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। लगघाटी के जिंदी के ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर को डंडों के सहारे कंधे पर उठाकर गांव तक पहुंचाया। गांव में एक सप्ताह से अंधेरा पसरा हुआ है। गांव तक सड़क नहीं है। नया ट्रांसफार्मर गांव में पहुंचाने पर ही यहां बिजली आपूर्ति सुचारु होनी थी। ऐसे में गांव के करीब 50 ग्रामीणों ने नया ट्रांसफार्मर डंडों पर उठाकर गांव तक पहुंचाया।
सोशल मीडिया में ट्रांसफार्मर को डंडों पर उठाकर गांव तक पहुंचाने का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। बिजली बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आई थी। इसके चलते इसे बदलना पड़ा। ग्रामीण बिजली न होने के लिए बिजली बोर्ड को दोषी ठहरा रहे हैं। इस संबंध में बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता नरेंद्र कुमार ने कहा कि जल्द ही बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। संवाद