सैंज (कुल्लू)। सैंज में पिन पार्वती नदी की ड्रेजिंग कार्य का निरीक्षण करने पहुंची टीम को सतेश गांव में ग्रामीणों का गुस्सा झेलना पड़ा। बंजार के तहसीलदार की अगुवाई में जा रही टीम जब सतेश में नहीं रुकी तो ग्रामीण भड़क गए। एक गाड़ी के निकलने के बाद अन्य वाहनों का घेराव कर रोक दिया गया। ग्रामीणों ने उपेक्षा करने पर टीम को खरी खोटी भी सुनाई। ग्रामीण अपनी बात पर अड़ गए। उसके बाद तहसीलदार को मौके पर आना पड़ा। उन्होंने ग्रामीणों की बात सुनी। साथ ही सतेश में की जा रही ड्रेजिंग के लिए एक अन्य मशीन भी तैनात की गई। मामला बीते सोमवार का है।
एक टीम सैंज में चल रहे ड्रेजिंग कार्य का निरीक्षण करने तहसीलदार की अगुवाई में पहुंची। टीम में खनन, पुलिस, राजस्व, जल शक्ति विभाग, प्रशासन, वन विभाग के अधिकारी शामिल थे। ग्रामीण ज्ञान चंद, लाल चंद, सुरेंद्र कुमार, संदीप कुमार, राजेश ने कहा कि सतेश गांव में धीमी गति से ड्रेजिंग की जा रही है।
यहां ड्रेजिंग के लिए एक ही मशीन लगाई गई थी। ग्रामीण कछुआ गति से होने वाले काम के लिए प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखना चाहते थे लेकिन जब तहसीलदार सतेश में नहीं रुके तो ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों का कहना है कि उपायुक्त कुल्लू एवं एसडीएम बंजार के समक्ष भी समस्या को उठाया गया है। बरसात आने का समय बिल्कुल नजदीक है। इसलिए बरसात से पहले ड्रेजिंग कार्य पूरा करने के साथ ही सतेश गांव के लिए पुल का निर्माण भी जल्द किया जाए।
.....
सैंज में पिन पार्वती नदी का ड्रेजिंग का कार्य चरणवद्ध तरीके से किया जा रहा है। इसमें विभिन्न विभागों को भी शामिल किया गया है। आपदा में क्षति काफी अधिक हुई है, जिसकी पूर्ति में थोड़ा समय और लगेगा।
पंकज शर्मा, एसडीएम बंजार
...