..डिजिटल में न चलाएं
रामशिला में विजिलेंस ने पकड़े देवदार के 15 स्लीपर
तलाशी के लिए टीम ने लगाया हुआ था नाका
आरोपी चालक को किया गिरफ्तार, मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। विजिलेंस की टीम ने जिला मुख्यालय से महज तीन किलोमीटर दूर रामशिला में गेमन पुल के पास देवदार के 15 स्लीपर पकड़े हैं। विजिलेंस ने गेमन पुल के पास नाका लगाया हुआ था। गत बुधवार को विजिलेंस की टीम ने एक वाहन की तलाशी के दौरान देवदार की अवैध लकड़ी बरामद की। अब पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार दशहरा उत्सव को लेकर विजिलेंस की टीम ने रामशिला में नाका लगाया था। इस दौरान शांगरीबाग में जीप को टीम ने तलाशी के लिए रोका। टीम को देखकर चालक घबरा गया। टीम ने उससे पूछताछ की। जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो इसमें 15 देवदार के अवैध स्लीपर बरामद हुए। आरोपी लकड़ी से संबंधित किसी तरह के दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। इसके बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी महेंद्र सिंह निवासी काईस को हिरासत में ले लिया।
इस संबंध में डीएसपी विजिलेंस अजय ठाकुर ने कहा कि टीम ने रामशिला में देवदार के 15 स्लीपर पकड़े हैं। आरोपी के खिलाफ विजिलेंस टीम ने मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, मामला सामने आने के बाद अब कई तरह की चर्चाओं का माहौल है।