कुल्लू। सर्दियों की शुरुआत के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर बर्फबारी और सड़क पर फिसलन की आशंका को देखते हुए बंजार प्रशासन ने यातायात एडवाइजरी जारी की है।
इसके तहत घियागी से जलोड़ी दर्रे की ओर शाम 4 बजे के बाद वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए मार्ग पर पुलिस कर्मियों की तैनाती भी की जाएगी।
प्रशासन ने पर्यटकों, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर सफर करने की सलाह दी है। जारी एडवाइजरी के अनुसार बारिश और बर्फबारी के दौरान घियागी से जलोड़ी की ओर यात्रा करने से बचना होगा।
वहीं, दर्रे की ओर केवल फोर बाई फोर (4x4) वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जाएगी। जलोड़ी दर्रे की ओर जाने वाले वाहनों को मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों की अनुमति के बाद ही आगे बढ़ने दिया जाएगा। पुलिस कर्मी सड़क की स्थिति, बर्फबारी और मौसम का आकलन करने के बाद वाहनों की आवाजाही को लेकर निर्णय लेंगे।
एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा इस तरह नियोजित करें कि घियागी से जलोड़ी दर्रे तक का रास्ता शाम 4 बजे से पहले पार कर लें। उन्होंने पर्यटकों और ट्रांसपोर्टरों को मौसम खराब होने पर अनावश्यक जोखिम न उठाने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।