मनाली से 18 मील तक जाम, मनाली-लेह मार्ग पर लाइनें
मनाली में बर्फबारी ने बढ़ाईं पर्यटकों और लोगों की दुश्वारियां
संजय भारद्वाज
मनाली। पर्यटन नगरी में सीजन की पहली बर्फबारी खुशहाली लेकर आई है। इससे दुश्वरियां भी बढ़ गई हैं। सड़क पर वाहनों पहिये जाम हो गए हैं तो घरों और होटलों में बत्ती गुल है। कई गांवों में ब्लैक आउट हो गया है।
मनाली शहर और आसपास के गांवों में भी कभी बिजली आ रही है तो कभी गुल हो रही है। पेयजल पर भी बर्फबारी का असर देखने को मिल रहा है। कई इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित रही।
बर्फबारी ने मनाली में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। सुबह उठते ही पर्यटक अपने कमरों से बाहर निकले तो रोमांचित हो गए। बर्फबारी की वजह से नेशनल हाईवे पर मनाली से 18 मील तक जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई। कुल्लू से मनाली के लिए निकले लोग शाम को ही मनाली पहुंचे। बर्फ में फिसलन के कारण कई वाहन फंस गए। मनाली में आए पर्यटक अपने गंतव्य तक लौटने के लिए पतलीकूहल तक टैक्सी में गए। मनाली-लेह मार्ग पर भी जाम देखने को मिला। कुल्लू से मनाली आए पर्यटन कारोबारी भूपेश ने बताया कि वह घंटों तक 18 मील और 17 मील में फंसे रहे। यव पर लंबा जाम लग गया। मनाली में भी फोरलेन पुल से वोल्वो बस स्टैंड और बाहंग तक जाम की स्थिति बन गई। उधर, बिजली गुल होने के कारण ग्रामीण इलाकों में अंधेरा छा गया है। कई इलाकों में बिजली बार-बार गुल हो रही है।
पर्यटकों से होटलों में रहने की अपील
पुलिस ने सुबह ही एडवाइजरी जारी कर पर्यटकों से अपने होटलों में ही रहने की अपील की। आम जनता एवं पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निवेदन किया है कि वे अपने-अपने घरों अथवा होटलों में ही रहकर बर्फबारी का आनंद लें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। अगर किसी आपात स्थिति में यात्रा करना अत्यंत आवश्यक हो तो केवल फोर बाई फोर वाहनों का ही प्रयोग करें और अत्यधिक सावधानी बरतें। -केडी शर्मा, डीएसपी मनाली।
कई जगह धक्के देकर निकाले फंसे वाहन
बर्फ में फिसलन के कारण कई वाहन फंस गए। जगह-जगह वाहनों को धक्का लगाकर निकालना पड़ा। यातायात नियंत्रण के लिए तैनात पुलिस जवानों को भी धक्का लगाते हुए देखा गया। पुलिस ने पर्यटकों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने में भरपूर सहायता की। पर्यटकों ने मनाली पुलिस का इसके लिए आभार प्रकट किया है।