मनाली में बर्फ में स्किड हो रहे वाहन को धक्का मारते हुए पर्यटक. संवाद
पहिये थमने से लगा जाम, प्रशासन की अपील, फोर बाई फोर वाहनों में जाएं आगे
एसपी ने किया निरीक्षण, लोगों और पर्यटकों से की सहयोग करने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। बर्फबारी ने मनाली हाईवे को कुछ ही घंटों में जोखिम भरे स्लिप जोन में बदल दिया है। पतलीकूहल से आगे आम वाहन बेबस नजर आए तो हालात बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और प्रशासन ने सुरक्षा के लिए सख्त यात्रा दिशा-निर्देश लागू किए।
ऊझी घाटी के मनाली, पतलीकूहल और आसपास क्षेत्रों में बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस कारण हाईवे और संपर्क सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है। दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
पतलीकूहल-मनाली के बीच हाईवे पर स्थिति उस वक्त और गंभीर हो गई जब कारों सहित कई चौपहिया वाहन बर्फ पर फिसलने लगे और आगे नहीं बढ़ पाए। कुछ जगह वाहनों के पहियेे थम गए। इससे कुछ देर के लिए जाम लग गया। इससे यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके पर तैनात पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। फोर बाई फोर वाहनों की सहायता से पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने पतलीकूहल-मनाली तक हाईवे का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटकों और वाहन चालकों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि मनाली की ओर आने वाले वाहन पतलीकूहल से आगे न जाएं और मौसम सामान्य होने तक कुल्लू या पतलीकूहल क्षेत्र में ही रुकें। अत्यंत आवश्यक स्थिति में ही केवल फोर बाई फोर वाहनों के माध्यम से यात्रा करें। उन्होंने कहा कि कुल्लू पुलिस स्थिति की लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने आमजन और पर्यटकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन और सहयोग करने की अपील की।