न्यूली (कुल्लू)। बारिश के चलते पागलनाला में बाढ़ आने से लारजी-सैंज-न्यूली मार्ग सुबह चार बजे से सात बजे तक बंद रहा। मार्ग बंद रहने से प्लम, नाशपाती व सब्जियों से भरे दर्जनों वाहन नाले के दोनों ओर फंसे रहे। हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद लोक निर्माण विभाग ने सुबह सात बजे मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया।
बरसात के दिनों में पागलनाला सैंज वासियों के लिए मुसीबत बन जाता है। सोमवार को भी सुबह चार बजे नाले में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे लारजी-सैंज-न्यूली मार्ग बंद हो गया। सैंज निवासी डोला राम, मेहर सिंह, नूपराम, खेमराज, खूबराम, निमतराम, आलम चंद पालसरा ने कहा कि पागलनाला सैंज घाटी की 15 पंचायतों के लिए मुसीबत बना हुआ है। बारिश और बरसात के दिनों में नाले में अचानक बाढ़ आ जाती है, जिस वजह से सारा मलबा लारजी-सैंज-न्यूली मार्ग पर आ जाता है। मलबा मार्ग पर आने से सोमवार को भी किसानों-बागवानों की फसलों को लेकर सब्जी मंडी जाने वाले वाहन घंटों फंसे रहे। सब्जी और फल समय पर मंडियों में नहीं पहुंच पाए। ऐसे में किसानों-बागवानों को नुकसान उठाना पड़ा। कहा कि इसके अलावा निहारनी-मरोड़ और मनु ऋषि मंदिर से तुंग की ओर जाने वाले पैदल रास्ते में भी जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। उधर, इस संबंध में लोनिवि के एसडीओ दुनीचंदी ने कहा कि पागलनाला में बाढ़ की सूचना मिलते ही विभागीय मशीनरी मौके पर भेजी गई। तीन घंटे बाद सुबह सात बजे लारजी-सैंज-न्यूली मार्ग को बहला किया गया है।